जनपद में चलेगा 'हमाई तलैय्या" अभियान, बढ़ेगा भूगर्भ जल स्तर, वैक्टर जनित रोगों की होगी रोकथाम
औरैया : जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने ग्राम पंचायत सचिवों के साथ कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में बैठक कर ग्रामीण जल स्तर को बढ़ावा देने तथा वैक्टर जनित रोगों की रोकथाम के उद्देश्य से जनपद की समस्त 477 ग्राम पंचायतों में 'हमाई तलैय्या" अभियान चलाकर आबादी के आस-पास स्थित ग्राम पंचायतों में दो- दो तालाबों को 30 मई तक सुदृढ़ किए जाने के सभी ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम दो तालाबों को चिन्हित करते हुए उनका विवरण उपलब्ध करायें जिससे उन तालाबों का लेखपाल के माध्यम से सत्यापन कराते हुए उनका सीमांकन भी कराया जाए। तत्पश्चात उनके शुदृढ़ीकरण का कार्य 30 मई तक पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने सभी सचिवों को निर्देश दिए कि इस कार्य हेतु 15वें राज्य वित्त के अनटाइड फण्ड मद का प्रयोग किया जाए तथा तालाबों के सुदृढ़ीकरण का आगणन कराकर उन्हें सूचित किया जाए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि तालाबों से निकली मिट्टी से तालाब के किनारे बण्डिंग का कार्य कराया जाए तथा उसपर दो मीटर चौड़ाई के पाथवे का भी निर्माण कराया जाए इसके अलावा तालाब के चारों ओर बायो फैनसिंग भी कराई जाए। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को संपूर्ण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने हेतु प्रत्येक कार्य की समय- सीमा निर्धारित करते हुए माइक्रो प्लान बनाया जाए और उसे लिखित रूप में सभी ग्राम पंचायत सचिवों को प्रेषित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि इस कार्य के दूसरे चरण में प्रत्येक तालाब में कम से कम 05 बत्तखें छोड़ी जाए तथा मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए तालाब में गम्बोजिया मछलियां छोड़ी जाए। जिलाधिकारी ने एक गांव को गोद लेते हुए कहा कि उस गांव में तालाब सुदृढ़ीकरण का कार्य उनकी देख-रेख में किया जाएगा तथा उसे मॉडल तालाब के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित 94 डिजिटल लाईब्रेरियों की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रत्येक पुस्तकालय वार पुस्तकालय समिति का गठन किया जाए जिसमें ग्राम प्रधान को अध्यक्ष व ग्राम सचिव को सदस्य सचिव नामित करते हुए शिक्षक, विद्युत सखी आदि को सदस्य के रूप में सम्मिलित किया जाए। जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को निर्देश दिए कि प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं को डिजिटल लाइब्रेरी से रूबरू कराने के लिए प्रत्येक शनिवार को कक्षावार 2 घण्टे का शेड्यूल बनाया जाए। जिलाधिकारी ने सभी ग्राम पंचायतों व डिजिटल लाइब्रेरी में समाचार पत्र पठन-पाठन हेतु समाचार पत्र क्रय किए जाएं।
उक्त अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी व समस्त खंड विकास अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा सहित ग्राम सचिव आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : संदीप


No Previous Comments found.