कलेक्ट्रेट परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती

औरैया : जनपद में संविधान निर्माता, महान समाज सुधारक और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती गरिमामय ढंग से मनाई गई । जिलाधिकारी कार्यालय स्थित मानस सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया । इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी , उप जिलाधिकारी सहित जनपद के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।

जिलाधिकारी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब का जीवन और उनके आदर्श हमें एक न्यायपूर्ण, समावेशी और प्रगतिशील समाज बनाने की प्रेरणा देते हैं । उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह करोड़ों वंचितों के हक की आवाज और सामाजिक समानता का प्रतीक है । जिलाधिकारी ने युवाओं से बाबा साहब के 'शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो' के मूलमंत्र को आत्मसात करने की अपील की ।
   अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नीरज प्रसाद ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के अर्थशास्त्री और विधिवेत्ता के रूप में योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने लोक सेवा में अवसर की समानता सुनिश्चित की और महिलाओं के अधिकारों के लिए ऐतिहासिक कार्य किए।
उप जिलाधिकारी कमल सिंह ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर हमारा उद्देश्य बाबा साहब के अंत्योदय के सपने को साकार करना है। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उक्त अवसर पर स्टेनो जिलाधिकारी राजेश कुमार ने गीत के माध्यम से अपने विचारों को व्यक्त किया, जिसे सुनकर सभी मंत्रमुग्ध हो गए साथ ही अन्य अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा बाबा साहब के जीवन वृत्तांत, उनके संघर्षों तथा कृत्यों पर विस्तार से अपने- अपने विचार व्यक्त किए गए । कार्यक्रम के उपरांत सूचना विभाग के सौजन्य से विजन आर दल द्वारा महिला सशक्तिकरण पर आधारित नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई, जिसे अधिकारियों एवं दर्शकों द्वारा खूब सराहा गया।
 इस अवसर पर जिले के समस्त सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों में विचार गोष्ठियों और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। शहर के प्रमुख अंबेडकर स्थलों और प्रतिमाओं की विशेष सफाई कर उन्हें फूलों से सजाया गया।
उक्त अवसर पर अग्निशमन अधिकारी सहित छात्र-छात्रायें आदि उपस्थित रहीं।

रिपोर्टर : संदीप 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.