विश्व हिंदू परिषद दुर्गा वाहिनी मातृ शक्ति द्वारा महान वीरांगना पुण्यश्लोकी अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी समारोह का आयोजन किया गया

औरंगाबाद :  आज पटना स्थित बिहार विधान मंडल के उपसभाकर भवन में विश्व हिंदू परिषद दुर्गा वाहिनी मातृ शक्ति द्वारा महान वीरांगना पुण्यश्लोकी अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिक्किम के पूर्व राज्यपाल माननीय गंगा प्रसाद थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय प्रन्यासी पद्मश्री डॉ. आर. एन. सिंह, डॉ. मधु वर्मा (पूर्व प्राचार्या अरविंद महिला कॉलेज), समाजसेवी श्रीमती सुषमा अग्रवाल और चिकित्सक डॉ. भावना झा उपस्थित थे।

मुख्य अतिथि गंगा प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय महिलाओं ने इतिहास में वह स्थान अर्जित किया है, जो देवताओं को भी प्राप्त नहीं हुआ। महारानी अहिल्याबाई होल्कर का व्यक्तित्व और कृतित्व उन्हें विश्व की महान महिलाओं की श्रेणी में अग्रणी बनाता है। उनके कार्यों का भारतीय इतिहास और जनमानस पर विशेष प्रभाव रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में दुर्गा वाहिनी की केंद्रीय संयोजिका सुश्री प्रज्ञा म्हला ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर का जन्म 31 मई 1725 को महाराष्ट्र के अहमदनगर के चौड़ी गांव में हुआ था। वे मराठा साम्राज्य की एक सम्माननीय शासक थीं, जिन्होंने अपनी वीरता, धार्मिकता, और प्रशासनिक कुशलता से न केवल अपने राज्य को सशक्त किया, बल्कि समाज सुधार की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके शासनकाल में राज्य की आर्थिक और सांस्कृतिक उन्नति हुई। उन्होंने भारत के विभिन्न तीर्थ स्थलों पर मंदिरों और धर्मशालाओं का निर्माण कराया। काशी विश्वनाथ मंदिर समेत देशभर के मंदिरों और घाटों के पुनर्निर्माण का कार्य भी उन्होंने किया।

अहिल्याबाई एक कुशल सैन्य नेता भी थीं, जिन्होंने कई युद्धों में भाग लिया और अपनी रणनीति और वीरता से मराठा साम्राज्य की रक्षा की। उनके शासनकाल में इंदौर राज्य एक समृद्ध और शक्तिशाली राज्य बना। उनके धार्मिक और सामाजिक कार्यों ने भारतीय समाज को एक नई दिशा दी।

कार्यक्रम का संचालन दुर्गा वाहिनी की प्रांत सह संयोजिका पिंकी कुमारी ने किया। इस अवसर पर दुर्गा वाहिनी की प्रांत संयोजिका सुश्री मनु प्रियम, प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. शोभा रानी सिंह, प्रांत मंत्री संतोष सिसौदिया, उपाध्यक्ष डॉ. गिन्नी जाखनवाल, प्रांत कोषाध्यक्ष गौरव अग्रवाल, प्रांत सेवा प्रमुख सुग्रीव प्रसाद, प्रांत कार्य समिति सदस्य श्रीमती अर्चना मिश्र, विभाग संयोजिका अंजलि मिश्रा, रिया कुमारी, अनिता सिंह, अंजलि सिंह सहित सैकड़ों बहनें उपस्थित थीं।

रिपोर्टर : रमाकांत सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.