रामनगरी में थार और फॉर्च्यूनर सवार दबंगों का कहर

अयोध्या : कोतवाली इनायत नगर क्षेत्र में एक महिला के साथ छेड़छाड़ और लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित पंचानन दूबे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक महिला की चिखने की आवाज भी आ रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक घटना रविवार दोपहर लगभग 3:30 बजे की है। पंचानन दूबे अपनी मां अन्नपूर्णा देवी और बहन कौमुदी को ई-रिक्शा पर बैठाकर इलाज के बाद इनायतनगर से अपने गांव कहुआ जा रहे थे।
इनायतनगर से गदुरही मार्ग पर राजाराम का पुरवा के पास यादव खाद भंडार के सामने राजेश सिंह और संजय सिंह ने एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार 8-10 अज्ञात लोगों के साथ उनकी गाड़ी को रोक लिया। आरोपियों ने पहले पंचानन की बहन पर अश्लील टिप्पणियां कीं।
जब परिवार ने विरोध किया तो आरोपियों ने गाड़ी में पहले से रखे डंडों से पंचानन, उनकी मां और बहन पर हमला कर दिया। राजेश सिंह ने पंचानन की बहन का मोबाइल छीनने का प्रयास किया और उसके शरीर के निजी अंगों को छूकर छेड़छाड़ की। इसके बाद उसने महिला के गले से सोने की चेन और लॉकेट भी छीन लिया।
जब राहगीर इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर गालियां देते हुए वहां से भाग गए। इस घटना में पंचानन, उनकी मां और बहन को चोटें आई हैं। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
थानाध्यक्ष रतन शर्मा ने बताया कि पंचानन दुबे की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में राजेश सिंह, संजय सिंह एवं फॉर्च्यूनर गाड़ी सवार 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस क्षेत्र अधिकारी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। सभी आरोपी फरार हो गए हैं। उनके ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास कर रही है।
रिपोर्टर : सुनील तिवारी
No Previous Comments found.