छात्राओं को मिशन शक्ति के तहत किया जागरूक

अयोध्या : कुमारगंज पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत सोमवार को छात्राओं को सुरक्षा, अधिकार और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक कार्यक्रम आयोजित किया। यहकार्यक्रम थाना क्षेत्र के उधरनपुर चौराहे पर स्थित स्थानीय लाइब्रेरी में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व उपनिरीक्षक आकिल हुसैन ने किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मिशन शक्ति 5.0 की मूल भावना, उसके उद्देश्यों तथा महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा उठाए गए विभिन्न कदमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना है, ताकि वे निडर होकर अपनी शिक्षा और करियर की दिशा में आगे बढ़ सकें।

उपनिरीक्षक आकिल हुसैन ने छात्रों को सरकार द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे महिला हेल्पडेस्क, साइबर सुरक्षा कार्यक्रम, विद्यालय सुरक्षा पहल, आत्मरक्षा प्रशिक्षण और छात्राओं के लिए.विभिन्न छात्रवृत्ति व कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया। इसके साथ ही उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों से भी अवगत कराया, जिनमें 1090 (महिला शक्ति हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1098 (बाल संरक्षण हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर क्राइम रिपोर्टिंग हेल्पलाइन) शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपनिरीक्षक ने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचने की तकनीकों, ऑनलाइन धोखाधड़ी की पहचान, सोशल मीडिया पर सावधानी और किसी भी प्रकार की समस्या या घटना की तुरंत रिपोर्ट करने की प्रक्रिया पर भी मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी तकनीकी रूप से सशक्त है, इसलिए उन्हें साइबर सुरक्षा के नियमों की पूरी जानकारी होना आवश्यक है।

इस अवसर पर कांस्टेबल संध्या दीक्षित और सपना सिंह भी मौजूदरहीं। दोनों महिला कांस्टेबलों ने छात्राओं को यह भरोसा दिलाया कि किसी भी समय जरूरत पड़ने पर पुलिस उनके साथ खड़ी है और वे निडर होकर अपनी समस्याओं को साझा कर सकती हैं।

रिपोर्टर : दीपक कुमार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.