प्राथमिक विद्यालय,आंगनबाड़ी केंद्र से चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद पुलिस ने तीन चोरों को गिरफ्तार किया

अयोध्या : कुमारगंज पुलिस ने प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र से हुई चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है। पूछताछ में अभियुक्तों ने अन्य चोरी की वारदातों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। यह घटना कुमारगंज थाना क्षेत्र के देवगांव पुलिस चौकी अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय घोड़वल और आंगनबाड़ी केंद्र घोड़वल में हुई थी। प्राथमिक विद्यालय के डॉ. महराजदीन ने स्कूल से सिलेंडर और अरहर दाल की एक बोरी चोरी होने की सूचना दी थी। आंगनबाड़ी केंद्र की श्रीमती कुसुम सिंह ने बताया कि वहां से 43 इंच की एलसीडी टीवी, 7 बोरी चना दाल, 2 बोरी गेहूं दलिया और बच्चों के टेडी बियर चोरी हुए थे। इन सूचनाओं के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान, पुलिस ने घटना के तीन घंटे के भीतर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान मोहित (21), अरविंद कुमार (20) और प्रेम कुमार (23) के रूप में हुई है। मोहित पालपुर, कुमारगंज, अयोध्या का निवासी है, जिसका वर्तमान पता फत्तेपुर, हलियापुर, सुल्तानपुर है। अरविंद कुमार और प्रेम कुमार दोनों रामपुर बबुआन, हलियापुर, सुल्तानपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया है पूछताछ में अभियुक्तों ने ग्राम चितौरा, थाना खण्डासा के एक स्कूल में पहले की गई चोरी को भी कबूल किया। उस वारदात से संबंधित 10 स्टील की थालियां और 8 स्टील के गिलास भी बरामद किए गए हैं। कुमारगंज थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि आरोपियों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि वे दिन में स्कूलों की रेकी करते थे और रात में लोहे की आरी ब्लेड व सरिया का उपयोग कर ताले तोड़कर चोरी करते थे। चोरी के दौरान एक व्यक्ति बाहर निगरानी करता था। इन अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उनके विरुद्ध कुमारगंज, हलियापुर और खण्डासा थानों में भी पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

रिपोर्टर : सुनील तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.