अटल बिहारी वाजपेई के कार्यकाल को बताया लोकतंत्र का स्वर्णिम युग
अयोध्या - भारतीय जनता पार्टी द्वारा नगर पंचायत कुमारगंज स्थित उत्सव मैरिज लॉन में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की जन्म शताब्दी के अवसर पर अटल स्मृति सम्मेलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य (सीतापुर) पवन सिंह चौहान रहे। मुख्य अतिथि पवन सिंह चौहान का स्वागत भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव सिंह एवं मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान ने फूलमाला पहनाकर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पवन सिंह चौहान ने कहा कि चाहे पार्टी का कार्यक्रम हो, सामाजिक समारोह हो या रोजमर्रा की बातचीत—हर जगह यह चर्चा होनी चाहिए कि हमारी सरकार ने क्या किया है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले का भारत और 2014 के बाद का भारत, दोनों के अंतर पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए। अटल बिहारी वाजपेई जी का कार्यकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का स्वर्णिम काल रहा है। उन्होंने जिस संवेदनशीलता, दूरदर्शिता और राष्ट्रभाव के साथ शासन किया, वह आज भी प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने पुराने कार्यकर्ताओं को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब लोग खुलकर यह नहीं बताते थे कि वे भाजपा के कार्यकर्ता हैं, लेकिन भीतर से राष्ट्रसेवा की भावना प्रबल रहती थी। तमाम कठिनाइयों और उपेक्षाओं के बावजूद कार्यकर्ता निर्भीकता से संगठन के लिए काम करते रहे। अटल जी ने सैनिकों, शहीदों और उनके परिवारों के सम्मान के लिए हमेशा कार्य किया। पवन सिंह चौहान ने 1998 के परमाणु परीक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय पूरा विश्व भारत पर नजर रखे हुए था,लेकिन अटल बिहारी वाजपेई जी के नेतृत्व में अमेरिका के सैटेलाइट को चकमा देते हुए साइकिल और बैलगाड़ी के माध्यम से परमाणु उपकरणों को परीक्षण स्थल तक पहुंचाया गया और सफल परीक्षण कर भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाया गया। कार्यक्रम के दौरान अटल बिहारी वाजपेई जी के राजनीतिक जीवन पर आधारित स्मृति गैलरी का भी अवलोकन किया गया,जिसमें उनके जीवन के महत्वपूर्ण क्षणों और संघर्षों को दर्शाया गया। अपने संबोधन में उन्होंने संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि सत्ता में होने के कारण कार्यकर्ताओं के भीतर कहीं न कहीं लापरवाही आ जाती है। उन्होंने एसआईआर (संगठनात्मक गतिविधियों) का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्ष पूरी रणनीति के साथ मैदान में जुटा हुआ है—शाम, दाम,दंड,भेद सभी तरीकों से काम कर रहा है। ऐसे में 2027 और 2029 को ध्यान में रखते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं को और अधिक सक्रिय,सतर्क और अनुशासित रहने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पवन सिंह,वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्रबली सिंह,जनार्दन मौर्य,मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र मौर्य, श्याम नारायण पाठक, ब्रह्म प्रकाश शुक्ला,पूर्व मंडल अध्यक्ष अजय तिवारी,बंशीधर शर्मा, देवेंद्र सिंह सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम राष्ट्रवाद, संगठनात्मक मजबूती और अटल जी के विचारों को आत्मसात करने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
रिपोर्टर - सुनील तिवारी

No Previous Comments found.