तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से किसान की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मिल्कीपुर : इनायत नगर थाना क्षेत्र के पलिया जगमोहन सिंह पूरे बहिरा गांव में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान की मौत हो गई। खेत की रखवाली करने गए किसान को तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल किसान को परिजन और ग्रामीण तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान पलिया जगमोहन सिंह पूरे बहिरा गांव निवासी विजय मिश्रा (42) पुत्र स्वर्गीय दुर्गा प्रसाद मिश्रा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार विजय मिश्रा शुक्रवार रात छुट्टा मवेशियों के झुंड से खेत की फसल को बचाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान सड़क पर तेज गति से आ रही पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर ही गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में विजय मिश्रा को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
विजय मिश्रा अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके दो बेटे हैं, जिनकी उम्र क्रमशः 20 और 16 वर्ष बताई जा रही है। पिता की असामयिक मौत से दोनों बेटों के सिर से साया उठ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही सामान्य थी और अब इस हादसे के बाद पत्नी और बच्चों के सामने भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। गांव में इस घटना को लेकर शोक की लहर है और लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
रिपोर्टर : सुनील तिवारी

No Previous Comments found.