सैनिक के घर में लाखों की चोरी, दो दिन बाद भी मुकदमा दर्ज न होने से आक्रोश
अयोध्या : अयोध्या के इनायत नगर थाना क्षेत्र के कुम्भी गांव में सैनिक के घर में हुई बड़ी चोरी ने क्षेत्र में दहशत और नाराजगी का माहौल पैदा कर दिया है। चोरों ने सोने-चांदी के कीमती आभूषणों, नगदी और अन्य सामान सहित करीब दस लाख रुपये का माल पार कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि दो दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज न किया जाना गंभीर चिंता का विषय है।
जानकारी के अनुसार कुम्भी गांव निवासी सैनिक बम बहादुर यादव भारतीय वायु सेवा में चंडीगढ़ में तैनात हैं। वह छुट्टियां बिताने के बाद 4 दिसंबर को घर में ताला बंद कर परिवार सहित वापस ड्यूटी पर लौट गए थे। इसी बीच 6 जनवरी को उन्होंने अपने जीजा रामसूरत निवासी तालढोली, थाना खंडासा को घर में खड़ी बाइक की नंबर प्लेट लगवाने के लिए भेजा। घर पहुंचने पर रामसूरत ने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और कमरों का सामान बिखरा पड़ा है। आलमारी और बक्सों के ताले टूटे मिले, जिससे चोरी की पुष्टि हो गई।
सूचना मिलते ही सैनिक बम बहादुर यादव शुक्रवार की शाम परिवार सहित घर पहुंचे। अंदर का नजारा देखकर वे स्तब्ध रह गए। आलमारी के लॉकर और बक्सों को तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और अन्य कीमती सामान गायब था। पीड़ित के अनुसार उनकी पत्नी और बहू के जेवर समेत लाखों रुपये का सामान चोरी हुआ है। उन्होंने इनायत नगर थाने में तहरीर देकर चोरी के माल की बरामदगी और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष रतन कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है, जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। हालांकि पीड़ित का कहना है कि दो दिन बीत जाने पर भी मुकदमा दर्ज न होना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गंभीर घटनाओं में भी देर हो तो आमजन की सुरक्षा पर विश्वास कैसे कायम रहेगा। पीड़ित परिवार ने उच्चाधिकारियों से शीघ्र न्याय की गुहार लगाई है।
रिपोर्टर : सुनील तिवारी

No Previous Comments found.