कुमारगंज पुलिस चाइनीज मांझे को लेकर सतर्क
अयोध्या : चाइनीज मांझे से हो रही लगातार दुर्घटनाओं को देखते हुए कुमारगंज पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देश पर शुक्रवार को थाना अध्यक्ष संतोष कुमार के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में चाइनीज मांझे के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान, थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने बाजारों में स्थित पतंग और अन्य दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यापारियों से चाइनीज मांझा न बेचने की अपील की और स्पष्ट चेतावनी दी कि इसका उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि चाइनीज मांझे से आए दिन गंभीर हादसे हो रहे हैं, जिनमें कई लोग घायल हो चुके हैं और जान तक जा चुकी है। शासन द्वारा भी इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। यदि चाइनीज मांझे के कारण किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है, तो संबंधित के खिलाफ सीधे हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस प्रशासन इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा।
इसी क्रम में, चौकी चिलबिली प्रभारी शैलेंद्र मणि त्रिपाठी ने भी अपने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाकर दुकानदारों को चाइनीज मांझा न रखने की हिदायत दी। इसके अलावा, देवगांव चौकी प्रभारी अशोक कुमार पाठक ने भी अपने क्षेत्र में सघन चेकिंग करते हुए व्यापारियों और आम लोगों को चाइनीज मांझे के खतरों के प्रति जागरूक किया।
अभियान में उप निरीक्षक गौरव पांडे, आकिल हुसैन और विमल यादव ने भी थाना क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में भ्रमण कर चेकिंग की। उन्होंने दुकानदारों से प्रतिबंधित चाइनीज मांझा न बेचने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि यदि कोई व्यक्ति चाइनीज मांझा बेचता या उपयोग करता पाया गया तो उसके खिलाफ विधि के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
थाना अध्यक्ष कुमारगंज संतोष कुमार ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य चाइनीज मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाना और आम जनमानस की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

No Previous Comments found.