जमीन विवाद में वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या, पांच पर मुकदमा दर्ज

अयोध्या :  मिल्कीपुर सर्किल के थाना कुमारगंज क्षेत्र अंतर्गत चौधरीपुर गांव के मजरे गोडवा में बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे जमीन कब्जेदारी और दरवाजा लगाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में वृद्ध जमुना प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल 100 शैय्या अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र आसाराम ने बताया कि बुधवार सुबह उनके पिता जमुना प्रसाद दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान गांव के विपक्षीगण जमीन के कब्जे और दरवाजा लगाने के विवाद को लेकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे। आरोप है कि राम विशाल पुत्र देव नरायन, देव नारायण पुत्र जगदंबा प्रसाद यादव तथा उनकी तीन पुत्रियों ने एकजुट होकर जमुना प्रसाद के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर अस्पताल पहुंचते ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मिल्कीपुर सीओ अजय कुमार सिंह तथा थाना अध्यक्ष कुमारगंज संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। सीओ ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर पांच लोगों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।
वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार बीती 6 फरवरी को कुमारगंज पुलिस ने कागजी कार्रवाई करते हुए मृतक पक्ष के राम अवतार और आरोपी पक्ष के राम विशाल को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर मिल्कीपुर एसडीएम न्यायालय में पेश किया था। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की गई होती तो संभवतः यह घटना टाली जा सकती थी।

रिपोर्टर : सुनील  तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.