जमीनी विवाद में मृत जमुना प्रसाद का हुआ अंतिम संस्कारः गांव में पुलिस बल तैनात, जमीन को लेकर हुई थी कहासुनी

मिल्कीपुर ,अयोध्या :कुमारगंज थाना क्षेत्र के चौधरीपुर गांव में जमीनी विवाद में मारे गए 65 वर्षीय जमुना प्रसाद यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार को पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। यह घटना बुधवार दोपहर की है, जब दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद जल्द ही मारपीट में बदल गया। आरोप है कि पड़ोस के कुछ लोगों ने जमुना प्रसाद यादव की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जमुना प्रसाद यादव को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कुमारगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव पुलिस की निगरानी में गांव लाया गया। यहां भारी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरे समय सतर्क रहा। कुमारगंज थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है।

रिपोर्टर : सुनील तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.