कुमारगंज में ग्रामीण महिलाओं के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

अयोध्या - आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र द्वारा ग्रामीण महिलाओं के लिए 10 दिवसीय आय सृजन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम आदर्श नगर पंचायत कुमारगंज के पिटारा में चल रहा है और 19 फरवरी तक जारी रहेगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को घर के कार्यों के साथ-साथ अपनी आय बढ़ाने में मदद करना है। इस प्रशिक्षण में 25 महिलाओं का एक समूह भाग ले रहा है। उन्हें विभिन्न प्रकार की डिजाइनर मोमबत्तियां, कागज के लिफाफे,कैरी बैग,चिकित्सीय साबुन और ऑर्गेनिक साबुन बनाने का कौशल सिखाया जा रहा है। यह पहल राज्यपाल (कुलाधिपति) के निर्देश पर संचालित की जा रही है।

महिला प्रशिक्षण केंद्र की इंचार्ज डॉ. पूनम सिंह और डॉ. अंजना राय द्वारा महिलाओं को विशेष मार्गदर्शन दिया जा रहा है। वे ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की आय बढ़ाने के तरीकों पर केंद्रित प्रशिक्षण प्रदान कर रही हैं, जिसमें कम लागत में उत्पादन पर जोर दिया जा रहा है। सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की विभागाध्यक्ष डॉ. साधना सिंह ने बताया कि महिला अध्ययन केंद्र ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आय बढ़ाने और सृजन के लिए प्रशिक्षित कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का लक्ष्य ग्रामीण महिलाओं को कम लागत में घर के काम के साथ-साथ अपनी आय में वृद्धि करने में सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण में साधारण मोमबत्ती के अलावा डेकोरेटिव और खुशबूदार मोमबत्तियां, प्लास्टिक प्रतिबंध के कारण कागज के लिफाफे और डिजाइनर कैरी बैग,साथ ही मेडिसिनल और ऑर्गेनिक साबुन बनाना सिखाया जा रहा है।

रिपोर्टर - दीपक कुमार 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.