,पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा ग्रामीणों के अनुसार सास-बहू से मंगलवार की शाम हुआं था विवाद

अयोध्या : खंडासा थाना क्षेत्र के धरौली गांव में बुधवार सुबह एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में अपने बिस्तर पर मृत पाई गई। पति की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम मृतका और उसकी बहू के बीच विवाद हुआ था। ग्रामीणों ने बताया कि सास-बहू के बीच कई दिनों से अनबन चल रही थी, जो मंगलवार शाम को और बढ़ गई थी। बहू के मायके वाले भी विवाद सुलझाने आए थे।

मृतका की पहचान 55 वर्षीय गंगादेई के रूप में हुई है, जो सोमई की पत्नी थीं। सोमई ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिलीं। उनके एक बेटी है जिसका विवाह हो चुका है। उन्होंने अपने भाई के बेटे गुलशन को गोद लिया था, जिसका विवाह एक वर्ष पूर्व हुआ था।
घटना की रात मृतका के पति खेत की रखवाली करने गए थे, जबकि बेटा गुलशन एक निमंत्रण में शामिल होने गया था। घर पर केवल गंगादेई और उनकी बहू थीं। सुबह जब बेटा निमंत्रण से लौटा और देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो उसने घर के पीछे लगी तिरपाल फाड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां उसने गंगादेई को बिस्तर पर मृत पाया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है और मृत्यु का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

रिपोर्टर : सुनील तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.