भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ, क्षेत्र में गूंजे भक्ति के स्वर

अयोध्या : क्षेत्र के बघौड़ा पूरे कच्चे तिवारी गांव में शुक्रवार को मंगलमय वातावरण के बीच नौ दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रारंभ अवसर पर गाजे-बाजे और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने  भाग लिया।  श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन शुक्रवार से प्रारंभ होकर नौ दिनों तक चलेगा। प्रतिदिन सायं 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक कथा का वाचन होगा। कथा के जनजागरण के उद्देश्य से निकाली गई कलश यात्रा पूरे कच्चे तिवारी के पुरवा से प्रारंभ होकर बघौड़ा चौराहा, नारायण गंज होते हुए प्राचीन शिव मंदिर महर्षि वामदेव धाम पहुंची। यात्रा में महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण किए हुए मंगलगीत गाती चल रही थीं। भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। प्राचीन शिव मंदिर महर्षि वामदेव में विधि-विधान से देवी-देवताओं का पूजन कर कलश में पवित्र जल भरा गया। इसके पश्चात यज्ञ मंडप में आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन कराया गया तथा कलश स्थापना की गई।कथा व्यास आचार्य कौशल किशोर मिश्र (भगवताचार्य, श्री अयोध्या धाम) ने अपने प्रवचन में कहा कि जो व्यक्ति पूर्ण मनोयोग और श्रद्धा से श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करता है, उसे जन्म-जन्मांतरों के पापों से मुक्ति और अनंत पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा ऐसे भक्तों पर सदैव बनी रहती है। आचार्य ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा में सम्मिलित होकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य यजमान श्रीमती प्रभावती तिवारी पत्नी उमा प्रसाद तिवारी रहीं। प्रमुख यजमानों में संजय तिवारी, रंजय तिवारी, दिलीप तिवारी, सालिकराम दुबे, रमाशंकर दुबे, राम मनोहर तिवारी, तुंगनाथ तिवारी, पहलवान तिवारी, अजय पांडेय, रामबहादुर तिवारी, शुभम तिवारी एवं शिवम तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : सुनील तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.