शिव सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

अयोध्या : नगरपंचायत कुमारगंज स्थित शिव सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय प्रांगण रंग-बिरंगी सजावट और आकर्षक मंच साज-सज्जा से सुसज्जित रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।

समारोह के मुख्य अतिथि मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान रहे। उन्होंने अपने संबोधन में  कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनमें आत्मविश्वास का संचार करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों और नृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी। समाज में व्याप्त कुरीतियों पर आधारित नाटक ने दर्शकों को गहराई से सोचने पर मजबूर कर दिया। वहीं रानी लक्ष्मीबाई पर आधारित एकांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें विद्यार्थियों के अभिनय को उपस्थित अतिथियों ने जमकर सराहा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद पाण्डेय ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों एवं अतिथियों का कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. रमेश मिश्रा, अजीत सिंह,कपिल पाण्डेय,रोहित तिवारी, विजय कुमार उपाध्याय, राम अचल शुक्ला, शैलेन्द्र पाण्डेय, भवानीफेर मिश्रा, पवन पाण्डेय, अभिषेक तिवारी, राधिका प्रसाद पाण्डेय,सत्रोहन पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : सुनील तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.