कुमारगंज में भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी का भव्य स्वागत, 2027 में योगी के नेतृत्व में सरकार बनने का दावा
अयोध्या : भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी का कुमारगंज में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के संयोजक एवं भाजपा अयोध्या के पूर्व जिला उपाध्यक्ष चंद्रबली सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण और ढोल-नगाड़ों के साथ जिलाध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि हमें भारत माता की जय के संकल्प के साथ आगे बढ़ना है। हमारे पूर्वजों ने भारत माता की जय कहते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है और देश उसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है और अब देश के विकास की नई शुरुआत अयोध्या से हो रही है। भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो हर वर्ग और समाज को साथ लेकर चलती है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता को, जो अनुसूचित जाति समाज से आता है, अयोध्या का जिलाध्यक्ष बनाकर सामाजिक समरसता का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि कुछ लोग जाति के नाम पर समाज और देश को बांटने की राजनीति कर रहे हैं, लेकिन अयोध्या में पीडीए नहीं बल्कि समता का राज चलेगा। भगवान राम ने भी समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का संदेश दिया था। उन्होंने निषादराज को अपना मित्र बनाया और शबरी के झूठे बेर खाकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
वहीं कार्यक्रम के आयोजक चंद्रबली सिंह ने कहा कि मिल्कीपुर के राधेश्याम त्यागी को भाजपा ने जिलाध्यक्ष बनाकर क्षेत्र का सम्मान बढ़ाया है। उनके नेतृत्व में हम सभी कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करेंगे और समाज के लिए काम करेंगे।
इस दौरान शिवनगर में अजय विक्रम सिंह के नेतृत्व में ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। कुमारगंज हनुमानगढ़ी पर दिनेश कौशल, बंवा मोड़ पर विजय कुमार उपाध्याय तथा खंडासा मोड़ पर सभासद रवि सिंह और लव कुमार के नेतृत्व में भी स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में कुमारगंज मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र मौर्य, अंगद सिंह, भानु गोस्वामी, अरुण गोस्वामी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टर : सुनील तिवारी


No Previous Comments found.