मिल्कीपुर के चांद पुर में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी टंकी का हुआ लोकार्पण
अयोध्या - जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत ग्राम पंचायत मिल्कीपुर में नव निर्मित पानी टंकी का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। जल अर्पण दिवस समारोह के मुख्य अतिथि मिल्कीपुर भाजपा विधायक चंद्रभानु पासवान रहे। उन्होंने पंप हाउस में लगे स्टार्टर का स्विच ऑन कर गांव में जल आपूर्ति शुरू की। बताते चलें कि मिल्कीपुर ब्लाक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मिल्कीपुर के चांदपुर में जल जीवन मिशन योजना के तहत 3 करोड़ 58 लाख रुपए की लागत से पानी टंकी का निर्माण विभाग द्वारा कराया गया है। जिसके तहत गांव के 2629 परिवार लाभान्वित होंगे। गांव में कुल 658 परिवारों को जल आपूर्ति हेतु कनेक्शन दिए जाने का लक्ष्य है, जिसके सापेक्ष 570 कनेक्शन अभी तक किए जा चुके हैं। जल अर्पण दिवस समारोह में पहुंचे अतिथियों को माल्यार्पण एवं अंग वस्त्र देकर विभागीय अधिकारियों द्वारा सम्मानित भी किया गया। जल अर्पण दिवस समारोह को संबोधित करते हुए विधायक चंद्रभानु पासवान ने कहा कि जिस तरीके से पृथ्वी पर जल का स्तर घट रहा है वह आने वाले कल के लिए बेहद कष्टदाई होगा। उन्होंने घटते जल स्तर पर चिंता जताई और जल संरक्षित किए जाने पर बल दिया। विधायक श्री पासवान ने मौजूद ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी योगी ने जो सपना देखा है कि आगामी वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनेगा, वह निश्चित ही साकार होगा। उन्होंने कहा कि जल है तो कल है, जल के बिना जीवन असंभव है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह पूर्वक कहा कि आप सब की जिम्मेदारी है कि पानी की बर्बादी हर हाल में बचाया जाए, तभी भविष्य सुरक्षित रह सकेगा। उन्होंने जल अर्पण कार्यक्रम को लेकर मौजूद ग्रामीणों को बधाई दी। कार्यक्रम में मौजूद जल निगम विभाग के अधिशासी अभियंता अरविंद यादव ने मौजूद ग्रामीणों को पूरी कार्य योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि उक्त संयंत्र से ग्रामीणों को 24 घंटे जलापूर्ति की जाएगी।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्राम प्रधान मिल्कीपुर अनुराग सिंह ने मौजूद विधायक सहित जल निगम विभाग के अधिकारियों एवं ग्रामीणों को बधाई देते हुए धन्यवाद व्यापित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम नारायण पाठक ने मौजूद विभागीय अधिकारियों से ग्रामीणों हितार्थ किए गए कार्यों की बिंदवार समीक्षा भी की। उन्होंने ग्रामीणों को बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान मिल्कीपुर विधायक ने ग्राम प्रधान अनुराग सिंह, अवर अभियंता साहब लाल बिंद, सहायक अभियंता सुनीता देवी, इंजीनियर सच्चिदानंद, मोहम्मद अशरफ तथा ऑपरेटर बब्बन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। कार्यक्रम के अंत में विधायक श्री पासवान द्वारा पंप हाउस परिसर सहित आसपास आम्रपाली आम के पौधे भी किए गए। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जल निगम विभाग के अधिशासी अभियंता अरविंद यादव,सहायक अभियंता सिद्धार्थ शंकर पांडे,सहायक अभियंता अश्विनी यादव, अवर अभियंता साहब लाल बिंद,प्रोजेक्ट मैनेजर उपेंद्र सिंह,भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम नारायण पाठक,रणविजय सिंह,राहुल सिंह,आनंद सिंह,रविंद्र कौशल,दिनेश चौबे,अंकित विश्वकर्मा सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं महिलाएं मौजूद रहीं।
रिपोर्टर - सुनील तिवारी

No Previous Comments found.