बदहाल सड़क राहगीरों के लिए बनी मुसीबत

अमानीगंज : अमरगंज बाजार से रामपुर गौहनियां चौराहे तक लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी में मंडी परिषद से बनी पक्की सड़क काफी दिनों से बदहाल है। सड़क में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। खराब सड़क राहगीरों के लिए मुसीबत बनी हुई है। स्थानीय ग्रामीणों की शिकायत के बावजूद निर्माण के पन्द्रह वर्षों बाद भी सड़क का नवीनीकरण कार्य नहीं कराया गया।

अमरगंज बाजार और आस-पास के दर्जनों गांवों को गद्दौपुर, ड्योढ़ी आदि प्रमुख मार्गों को जोड़ने वाली यह महत्वपूर्ण सड़क डेढ़ किलोमीटर की दूरी में बदहाल होने के कारण लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है, राहगीर जब इस सड़क से यात्रा करते हैं तो उन्हें मुसीबतों का सामना करना पड़ता है, और यदि इसे छोड़कर किसी दूसरी सड़क से यात्रा करना चाहें तो उन्हें 5 किलोमीटर की अधिक दूरी तय करनी पड़ती है। खराब सड़क के चलते कई राहगीर गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। इस सड़क का निर्माण मंडी परिषद से वर्ष 2010 में हुआ था, पन्द्रह वर्षों में भी इसका नवीनीकरण नहीं कराया गया है। एक दो बार गड्ढे भरने की खानापूर्ति की गई है। जिससे सड़क में गड्ढे ही गड्ढे हो गए हैं।
अमरगंज निवासी घनश्याम मिश्र व रामदत्त तिवारी, तालढ़ोली निवासी अनिल मिश्र, मुकेश मिश्र, रामपुर गौहनियां के राज प्रताप सिंह, रवीन्द्र कुमार आदि कहते हैं कि सड़क खराब होने से आवागमन में बड़ी दिक्कतें आ रही है, कई बार अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में लाया गया लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। 
मंडी परिषद के जेई सत्येंद्र कुमार ने बताया कि 2017 में सड़क की मरम्मत कराई गई थी, इस वर्ष कार्ययोजना में है।

रिपोर्टर : सुनील तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.