बीमार लंगूर की मौत, ग्रामीणों ने हिन्दू रीति-रिवाज से किया अंतिम संस्कार
अमानीगंज : विकासखंड के रामपुर गौहनिया गांव में सोमवार को मानवीय संवेदना का एक उदाहरण देखने को मिला। गांव के पास सड़क किनारे एक लंगूर बंदर मृत अवस्था में पड़ा मिला। जैसे ही इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को हुई, ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हिन्दू रीति-रिवाज के साथ उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक लंगूर को मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी सोनू सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गांव के लोगों से जानकारी मिली थी कि एक बंदर सड़क किनारे मृत पड़ा है। मौके पर पहुंचकर देखा गया तो लंगूर की मौत हो चुकी थी।
सोनू सिंह ने बताया कि बंदर काफी समय से गांव के आसपास ही रहता था और पिछले कुछ दिनों से बीमार भी चल रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार वह कुछ खा-पी नहीं रहा था और कमजोर हो गया था। सोमवार सुबह वह मृत अवस्था में पाया गया।
इसके बाद सोनू सिंह ने अपने साथियों संतोष तिवारी, धर्मेंद्र सिंह, मनमोहन सिंह, अभिषेक तिवारी, जनार्दन मिश्रा, दीपक सिंह, अमित कुमार, हीरालाल, राधेश्याम प्रजापति, रामचरण प्रजापति, मोहित कुमार सिंह और अनुराग सिंह को बुलाया। सभी ने मिलकर श्रद्धा और मानवीय संवेदना के साथ लंगूर का हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार किया।
ग्रामीणों ने बताया कि लंगूर काफी समय से गांव में ही रह रहा था और लोग उसे भोजन भी देते थे। उसकी मौत से गांव के लोगों में दुख का माहौल रहा। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि हर जीव के प्रति दया और सम्मान रखना हमारी संस्कृति का हिस्सा है, इसी भावना के तहत उसका विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया।
रिपोर्टर : सुनील तिवारी

No Previous Comments found.