घर में घुसकर दंपति व बेटी को पीटा, तीन की हालत गंभीर

अयोध्या : अयोध्या जिले के इनायत नगर थाना क्षेत्र के अस्थना पूरे गोरवा गांव में गुरुवार रात एक परिवार पर घर में घुसकर बर्बर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में दंपति सहित उनकी एक बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी श्रीपाल (45), उनकी पत्नी कृष्णा देवी (40) और बेटी सुनीता (20) पर रात करीब 8 बजे पड़ोस के ही कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने तीनों को बेरहमी से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर पहुंचाया गया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. महिपाल सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि घटना की जड़ में दो दिन पहले हुआ एक विवाद है। पीड़ित श्रीपाल अपने कच्चे मकान की मरम्मत करा रहे थे, इस दौरान निर्माण से निकला मलबा खड़ंजे तक पहुंच गया था, जिसका पड़ोसी रामनेवल और उसके परिवार ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट हुई थी, जिसमें श्रीपाल की बेटी को चोटें आई थीं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उस समय पुलिस को लिखित शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलिस हस्तक्षेप करती तो दोबारा इतनी बड़ी घटना नहीं होती। गुरुवार रात इसी पुराने विवाद को लेकर आरोपी पक्ष के लोग एकजुट होकर घर में घुस आए और हमला कर दिया।
घटना में परिवार की अन्य तीन बेटियों को भी मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : सुनील तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.