खांडसा में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में भीषण मारपीट

अयोध्या : अयोध्या जिले के खंडासा थाना क्षेत्र अंतर्गत खंडासा गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में भीषण मारपीट हो गई। मारपीट में महिलाओं समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खंडासा में उपचार हेतु भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। 

आपको बता दें कि खंडासा गांव निवासी शशिशेखर सिंह पुत्र हर्ष बहादुर सिंह व सुरेंद्र प्रताप सिंह पुत्र देव बक्श सिंह के बीच गांव में आबादी की जमीन को लेकर विगत कई महीने से विवाद चल रहा था। कई शिकायतों के बाद जब निस्तारण नहीं हुआ तब विवादित भूमि गाटा संख्या 1036 पर सुरेंद्र प्रताप सिंह ने न्यायालय में दीवानी दायर कर दिया जिसका वाद संख्या 239/2026 है तथा मामला न्यायालय में विचाराधीन चल रहा है। सोमवार शाम करीब 4 बजे न्यायालय के आदेश पर जमीन की पैमाईश कमीशन के लिए टीम गांव पहुंची। नाप जोख प्रक्रिया पूरी होने के बाद जैसे ही टीम वापस लौटी इसी दौरान विपक्षीगण बृजभूषण सिंह पुत्र शशिशेखर सिंह, आलोक सिंह पुत्र रमेश सिंह, चंदन सिंह पुत्र सदानंद सिंह व शशिशेखर सिंह पुत्र हर्ष बहादुर सिंह वादी के घर में घुसकर महिलाओं से छेड़छाड़ करते हुए महिलाओं के कपड़े फाड़ दिए तथा भद्दी भद्दी गालियां देते हुए लाठी डंडों से जमकर पिटाई शुरू कर दी। हल्ला गुहार सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो विपक्षीगण जान से मार डालने की धमकी देते हुए घटनास्थल से भाग निकले। जानलेवा मारपीट में बिंदु सिंह, नीलम सिंह, सरोज सिंह आदि को गंभीर चोटें आई जिसमें बिंदु सिंह को बेहोशी हालत में सीएससी खंडासा ले जाया गया जहां उपचार के उपरांत हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हुई है तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : सुनील तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.