मिल्कीपुर की अवंतिका पाण्डेय ने बीएससी बायोटेक्नोलॉजी में किया टॉप
अयोध्या : अयोध्या जनपद के मिल्कीपुर शिक्षा क्षेत्र के सहुलारा गांव की छात्रा अवंतिका पाण्डेय ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने राजस्थान के जयपुर स्थित वनस्थली विद्यापीठ (निवाई) विश्वविद्यालय से बीएससी बायोटेक्नोलॉजी ऑनर्स विद रिसर्च पाठ्यक्रम में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
अवंतिका ने अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सभी विषयों में श्रेष्ठ अंक हासिल करते हुए कई स्वर्ण पदक भी जीते हैं।
अवंतिका की इस सफलता से उनके गांव में खुशी का माहौल है। पढ़ाई पूरी कर गांव लौटने पर ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उनका भव्य स्वागत किया। लोगों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और मिठाइयां बांटकर प्रसन्नता व्यक्त की। ग्रामीणों का मानना है कि अवंतिका की यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
परिवार में भी इस सफलता को लेकर गर्व का माहौल है। अवंतिका के चाचा जेपी पाण्डेय "जय माई" ने बताया कि वह बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेहनती रही हैं। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी लगन, अनुशासन और निरंतर प्रयास से यह मुकाम हासिल किया है। उनके अनुसार, अवंतिका ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो सफलता अवश्य मिलती है। अवंतिका की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक लोगों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह आगे चलकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। अवंतिका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुओं और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि वह आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगी और देश के लिए कुछ विशेष करने का अपना सपना पूरा करेंगी।
रिपोर्टर : सुनील तिवारी


No Previous Comments found.