राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस पर मिल्कीपुर में शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

मिल्कीपुर, अयोध्या : हर वर्ष 14 अप्रैल को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर फायर स्टेशन मिल्कीपुर में शहीद अग्निशामकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यह दिवस वर्ष 1944 में मुंबई डॉकयार्ड अग्निकांड के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले बहादुर फायरकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है। इस अवसर पर अग्निशमन सेवा के जवानों ने अपने कर्तव्य और समर्पण को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों के सम्मान में पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। प्रभारी फायर स्टेशन मिल्कीपुर, लीडिंग फायरमैन रमाशंकर सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में चालक हृदयनाथ विश्वकर्मा, फायरमैन संदीप भट्ट, प्रशांत दीक्षित, अखिलेश सिंह सहित समस्त फायर सर्विस स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने नम आंखों से शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बलिदान को याद किया।

इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक पूरे देश में ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ मनाया जाता है, जिसके अंतर्गत लोगों को आग से बचाव और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जाता है। फायर कर्मियों द्वारा स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों की जानकारी दी जाती है।

प्रभारी रमाशंकर सिंह ने कहा कि अग्निशमन विभाग के जवान हर परिस्थिति में अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। ऐसे में समाज का भी कर्तव्य बनता है कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें और आपात स्थिति में तुरंत फायर सेवा को सूचना दें।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कर्मियों ने शपथ ली कि वे पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे तथा आमजन को सुरक्षित रखने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

रिपोर्टर : सुनील तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.