उपभोक्ताओं को बिना गैस मिले ही आ रहे डिलीवरी के मैसेज,धांधली का आरोप
अयोध्या : मंडल क्षेत्रके हलियापुर में स्थित उत्कर्ष गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने गंभीर अनियमितता और ब्लैक मार्केटिंग के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में सोमवार को मुख्यमंत्री,जिला पूर्ति अधिकारी व पूर्ति निरीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस बुक करने के बावजूद उन्हें सिलेंडर की डिलीवरी नहीं दी जा रही है। हैरानी की बात यह है कि बिना सिलेंडर प्राप्त हुए ही उपभोक्ताओं के मोबाइल पर 'गैस डिलीवर' होने का मैसेज पहुँच जाता है। यहाँ तक कि उनके खातों में सब्सिडी के पैसे भी पहुँच रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि कागजों पर डिलीवरी दिखाकर बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की जा रही है।
शिकायत में एक चौंकाने वाला दावा भी किया गया है।आरोप है कि गैस एजेंसी का मालिक पड़ोसी जिले *अमेठी के जिलाधिकारी के यहाँ स्टेनो के पद पर तैनात है।* इसी रसूख के चलते वह उपभोक्ताओं को धमकाता है कि "उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।" पत्र में कहा गया है कि इसी प्रभाव का फायदा उठाकर एजेंसी कर्मियों के माध्यम से गैस की कालाबाजारी की जा रही है।
शिकायतकर्ता प्रभात सिंह ने साक्ष्यों के साथ उन लोगों की सूची भी साझा की है जिनके साथ हाल ही में यह धोखाधड़ी हुई है।चन्द्र प्रताप सिंह (उस्कामऊ) 23 मार्च को बिना गैस मिले ही डिलीवरी मैसेज आया। अन्नू कुमारी (हलियापुर) 29 मार्च को डिलीवरी दिखाई गई और सब्सिडी खाते में आई, पर गैस नहीं मिली। शिव कुमार यादव (गौहनिया) सिलेंडर प्राप्त नहीं हुआ लेकिन डिलीवरी मैसेज आ गया।रियासत (हलियापुर) 29 मार्च को बुकिंग के बाद आज तक गैस का इंतजार है। धर्मेंद्र कुमार सिंह (जरईकला) इनके साथ भी ऐसी ही धोखाधड़ी हुई।
शिकायतकर्ता ने जिला पूर्ति अधिकारी के साथ-साथ जिलाधिकारी सुलतानपुर और पूर्ति निरीक्षक बल्दीराय को प्रतिलिपि भेजकर आग्रह किया है कि इस पूरे प्रकरण की बिंदुवार जांच कराई जाए। उपभोक्ताओं का कहना है कि अगर गहनता से जांच हुई तो एक बड़े घोटाले का पर्दाफाश हो सकता है।
इस संबंध में वरिष्ठ पूर्ति निरीक्षक निर्भय सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है,यदि बिना गैस मिले डिलीवर्ड का मैसेज व सब्सिडी आ रही हैं तो यह बहुत बड़ी गड़बड़ी है,जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : इंद्र बहादुर सिंह

No Previous Comments found.