हाई वोल्टेज तार से टकराई कंबाइन मशीन,भीषण आग में 38 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, मशीन भी जली

मिल्कीपुर : मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के खण्डासा थाना अंतर्गत सहजन मऊ गांव में बुधवार दोपहर लगभग 2:30 बजे  खेत में गेहूं की कटाई कर रही कंबाइन मशीन 11,000 वोल्ट की बिजली के तार से टच हो गया । तार से टकराते ही कंबाइन मशीन में तुरंत आग लग गई, जो कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर गई।

देखते ही देखते आग ने पूरी कंबाइन मशीन को अपनी चपेट में ले लिया और तेज हवा के कारण आग आसपास के गेहूं के खेतों में भी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
इस भीषण आग में कंबाइन मशीन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई, साथ ही लगभग 10 किसानों की करीब 38 बीघा गेहूं की फसल भी जलकर राख हो गई। कंबाइन मशीन रायपुर निवासी दिनेश सिंह की बताई जा रही है।
स्थानीय निवासी सूरज सिंह ने इस घटना के लिए विद्युत विभाग को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि बिजली के तार काफी ढीले और नीचे लटके हुए थे, जिससे यह हादसा हुआ।
हल्का लेखपाल संजय पाठक के अनुसार, इस आग से जिन किसानों की फसल प्रभावित हुई है, उनमें शेर बहादुर, मिथिलेश, अकबाल बहादुर, राजेंद्र प्रसाद, दुर्गा प्रसाद, साधुराम, वीरेंद्र कुमार, ओमप्रकाश, लाल बहादुर और वेद प्रकाश शामिल हैं। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

रिपोर्टर : सुनील तिवारी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.