भाजपा कार्यकर्ता की पिटाई मामले में गरमाई सियासत, जिलाध्यक्ष ने पीड़ित से मिलकर कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग

अयोध्या : कुमारगंज थाना क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता के साथ पुलिस द्वारा  पिटाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी पीड़ित के घर पहुंचे और उसका हाल-चाल जाना। उन्होंने अब तक हुई पुलिस कार्रवाई को अपर्याप्त बताते हुए संबंधित अधिकारियों से दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी अकमा पूरे चूड़ामणि गांव निवासी भाजपा कार्यकर्ता हरे कृष्णा पांडे के घर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित से पूरी घटना की जानकारी ली। बातचीत के दौरान हरे कृष्णा पांडे भावुक हो गए और रोते हुए बताया कि उनके साथ पुलिस का व्यवहार किसी अपराधी जैसा किया गया। इस पर जिलाध्यक्ष ने उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
राधेश्याम त्यागी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी से फोन पर वार्ता की और उन्हें पीड़ित के घर पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश देने की बात कही।

बताया जा रहा है कि 13 अप्रैल की शाम कुमारगंज बाजार में हरे कृष्णा पांडे अपनी मोटरसाइकिल में तेल भरवाने गए थे। इस दौरान उनकी बाइक की टंकी में चाबी नहीं लग रही थी, जिस पर उन्होंने पास खड़े सिविल ड्रेस में मौजूद एक सिपाही से चाबी मांगी। यह बात सिपाही को नागवार गुजरी और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर पहुंचे एक दरोगा समेत तीन अन्य सिपाहियों ने हरे कृष्णा पांडे की सरे बाजार जमकर पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया।
घटना की जानकारी मिलने पर मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान भाजपा कार्यकर्ताओं और व्यापारियों के साथ थाने पहुंचे और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर करते हुए जांच के आदेश दिए।
हालांकि, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मामले में शामिल एक अन्य पुलिसकर्मी उमेश गौतम पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे परिवार में डर और असंतोष का माहौल बना हुआ है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष के साथ जिला मीडिया प्रभारी सुशील मिश्रा, सभासद लव कुमार, विजय कुमार उपाध्याय सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्टर : सुनील तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.