मिल्कीपुर में मनरेगा कर्मियों की कलमबंद हड़ताल, कार्य प्रभावित होने के आसार

मिल्कीपुर, अयोध्या: उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रांतीय आह्वान पर विकासखंड मिल्कीपुर के सभी मनरेगा कर्मचारी 16 अप्रैल से 25 अप्रैल तक कलमबंद हड़ताल पर रहने की चेतावनी दे चुके हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी लंबित मांगों पर शासन स्तर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे वे आंदोलन के लिए मजबूर हुए हैं।

संघ पदाधिकारियों के अनुसार यदि 25 अप्रैल तक उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत 26 व 27 अप्रैल को प्रत्येक विकासखंड स्तर पर पोस्टकार्ड अभियान चलाकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा जाएगा। वहीं 28, 29 और 30 अप्रैल को क्षेत्र के विधायकों और सांसदों को भी ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। इसके बाद 1 मई, मजदूर दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय पर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया जाएगा।
संघ का कहना है कि उनकी समस्याओं के समाधान तक या प्रांतीय नेतृत्व के अगले निर्देश मिलने तक सभी कर्मचारी आंदोलनरत रहेंगे। प्रांतीय कार्यकारिणी द्वारा इस संबंध में शासन और संबंधित अधिकारियों को पहले ही अवगत करा दिया गया है।
इसी क्रम में शनिवार को ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश कुमार यादव, कोषाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद और ब्लॉक महामंत्री अश्वनी कुमार पांडेय के नेतृत्व में खंड विकास अधिकारी मिल्कीपुर हरिश्चंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन देने के दौरान बड़ी संख्या में मनरेगा कर्मी मौजूद रहे, जिनमें नरेंद्र यादव, पूनम गुप्ता, बृजेश मौर्य, वंश लाल, दान बहादुर, कंचन, आत्म प्रकाश, रेनू, माला, राजकुमार, सुरेंद्र प्रताप, दीपक पाठक, रंजन, रामतेज, राजेंद्र सिंह और भागमती सहित कई अन्य शामिल रहे।
इस हड़ताल के चलते क्षेत्र में मनरेगा से जुड़े विकास कार्यों पर व्यापक असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और निर्माण कार्य प्रभावित हो सकते हैं।

रिपोर्टर : सुनील तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.