प्रधानों ने कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
अयोध्या : अखिल भारतीय प्रधान संघ के अमानीगंज ब्लॉक अध्यक्ष पवन पांडे के नेतृत्व में मंगलवार को लगभग तीन दर्जन ग्राम प्रधानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर एडीओ कोऑपरेटिव को सौंपा।ज्ञापन के माध्यम से प्रधानों ने मांग की कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों एवं समस्याओं से भली-भांति परिचित होते हैं तथा उन्हें कार्य करने का पर्याप्त अनुभव भी रहता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल 26 मई को समाप्त हो रहा है, जबकि यह संभावना जताई जा रही है कि पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर न होकर लगभग एक वर्ष तक टल सकते हैं।
प्रधानों ने कहा कि ऐसी स्थिति में ग्राम पंचायतों में प्रशासक नियुक्त करने के बजाय वर्तमान निर्वाचित प्रधानों का ही कार्यकाल बढ़ाया जाना अधिक उचित होगा। उनका तर्क है कि पूर्व में प्रशासकीय व्यवस्था अपेक्षाकृत कम प्रभावी रही है और उस पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगते रहे हैं, जबकि निर्वाचित प्रधान अपने गांव के प्रति अधिक जवाबदेह और प्रतिबद्ध रहते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से निवेदन किया कि जनहित एवं ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने का निर्णय लिया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य प्रभावित न हों।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान अध्या सिंह, गया प्रसाद, राजित राम, अजय कुमार सिंह, जुबेदा खातून, देवीदीन, देवी प्रसाद, रामफेर सिंह, रामकमल, गुड़िया, किरण, निर्मला, शीला देवी, अनीता सहित लगभग तीन दर्जन प्रधान उपस्थित रहे।

No Previous Comments found.