टूटे विद्युत पोल से दौड़ रही 11 हजार लाइन, हादसे का खतरा बढ़ा

अयोध्या : अयोध्या मंडल क्षेत्र के हलियापुर क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान के दौरान क्षतिग्रस्त हुए विद्युत पोल 15 दिन बाद भी नहीं बदले जा सके है। टूटे पोल के सहारे ही 11 हजार वोल्ट की लाइन संचालित होने से ग्रामीणों में हादसे की आशंका बनी हुई है। जानकारी के अनुसार हलियापुर फीडर से जुगराजगढ़ गांव के लिए 11 हजार की विद्युत लाइन गई है। करीब दस दिन पूर्व आए आंधी-तूफान में जुगराजगढ़ के पास लगा विद्युत पोल आधे से टूटकर लटक गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि पोल बदले बिना ही पांच दिन बाद विद्युत आपूर्ति फिर से चालू कर दी गई। इसी लाइन से तीन नलकूपों सहित तीन गांवों के सौ से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक टूटे पोल के कारण 11 हजार वोल्ट की लाइन जमीन से लगभग 10 फीट की ऊंचाई पर लटक रही है, जिससे राहगीरों और आसपास के लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द पोल बदलवाकर सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। ग्रामीण मनोज मिश्रा, विजय शंकर मिश्र, श्याम बहादुर सिंह और जय शंकर मिश्र सहित अन्य लोगों ने विभागीय अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्टर : आईबी सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.