महापुरुष बाबा स्थान पर 1100 मातृ शक्तियों की सामूहिक दुरदुरिया पूजन, सुख-समृद्धि और लोककल्याण की हुई कामना
मिल्कीपुर, अयोध्या : प्रचंड गर्मी पर आस्था भारी अमानीगंज विकासखंड के गदुरही बाजार स्थित महापुरुष बाबा स्थान पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार पांडे के संयोजन में 1100 मातृ शक्तियों की सामूहिक दुरदुरिया पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रद्धा, आस्था और भक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन में महिलाओं ने देश, समाज और परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की।
महापुरुष बाबा स्थान पर इन दिनों सात दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन भी चल रहा है। कथा के दौरान प्रतिदिन धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को सामूहिक दुरदुरिया पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं की भारी भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही महिलाओं का पहुंचना शुरू हो गया था। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं आयोजन स्थल पहुंचीं और पूरे विधि-विधान से पूजन में शामिल हुईं।
दुरदुरिया पूजन ग्रामीण अंचलों में आस्था और लोक परंपरा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान माना जाता है। यह पूजन मुख्य रूप से महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की उन्नति, घर में खुशहाली तथा संकटों से रक्षा की कामना के लिए करती हैं। मान्यता है कि सामूहिक रूप से किए गए दुरदुरिया पूजन से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और समाज में एकता तथा धार्मिक चेतना मजबूत होती है। यह परंपरा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को भी सहेजने का माध्यम मानी जाती है।
कार्यक्रम के दौरान कथा व्यास माताफेर तिवारी निर्मोही सुल्तानपुरी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन एवं अनुष्ठान संपन्न कराया।
उपस्थित महिलाओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर देश में शांति, समाज में सद्भाव और परिवारों की खुशहाली की कामना की।
आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से महापुरुष बाबा स्थान पर मेले जैसा दृश्य दिखाई दिया।
इस अवसर पर हरकेश शुक्ला, बबन, रंग बहादुर शर्मा, जेपी सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष पवन पांडे, संतोष मिश्रा, अरुण द्विवेदी, राम शर्मा, विपिन तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं महापुरुष बाबा स्थान के महंत बजरंग गिरी जी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
रिपोर्टर : सुनील तिवारी

No Previous Comments found.