25-26 मई को भाजपा जिला कार्यसमिति का प्रशिक्षण वर्ग, तैयारियों का जिला पदाधिकारियों ने लिया जायजा

मिल्कीपुर अयोध्या : आगामी 25 व 26 मई को आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज में भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यसमिति का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार दोपहर भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी तथा जिला महामंत्री अशोक कसौधन ने विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित पदाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली।

जिला मीडिया प्रभारी सुशील मिश्रा ने बताया कि यह कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठन की कार्यपद्धति को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को वैचारिक व संगठनात्मक रूप से प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण वर्ग में जिले भर के भाजपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम कुल 11 सत्रों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम सत्र का उद्घाटन कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही करेंगे। कार्यक्रम में लगभग 250 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। प्रशिक्षण वर्ग विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हाल में आयोजित होगा, जहां प्रतिभागियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सुशील मिश्रा ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कार्यकर्ताओं के शारीरिक और मानसिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके तहत सुबह योग, प्राणायाम और शाखा का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि कार्यकर्ताओं में अनुशासन, स्वास्थ्य और संगठनात्मक ऊर्जा का विकास हो सके।
प्रशिक्षण वर्ग में कई वरिष्ठ नेता और संगठन के प्रमुख पदाधिकारी मार्गदर्शन देंगे। इनमें पूर्व प्रदेश संयोजक शिक्षक प्रकोष्ठ रंजन शर्मा, क्षेत्रीय महामंत्री एवं प्रशिक्षण महाअभियान क्षेत्र संयोजक विजय प्रताप सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पांडे बादल, सहसंयोजक चुनाव प्रबंधन पीयूष मिश्रा, प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह, प्रदेश संयोजक सोशल मीडिया राकेश त्रिपाठी, अंकित सिंह चंदेल, सदस्य ओबीसी आयोग विनोद पटेल तथा पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव शामिल होंगे।
कार्यक्रम का समापन राज्यमंत्री सतीश शर्मा के संबोधन के साथ होगा। इस दौरान मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र मौर्य, महामंत्री सुरेंद्र प्रताप सिंह, शिवम सिंह, आशीष तिवारी सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्टर : सुनील तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.