संदिग्ध परिस्थितियों विंध्या वस्त्रालय एवं बाला जी बर्तन भंडार दुकान में लगी भीषण आग

मिल्कीपुर ,अयोध्या : खंडासा थाना क्षेत्र के अंजरौली बाजार स्थित विंध्या वस्त्रालय एवं बालाजी बर्तन भंडार में मंगलवार की रात भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान में रखा कपड़ा, बर्तन और नगदी पूरी तरह जल चुकी थी।

जानकारी के अनुसार अंजरौली बाजार निवासी दयाशंकर गुप्ता की मिल्कीपुर-अमानीगंज संपर्क मार्ग पर विंध्या वस्त्रालय एवं बालाजी बर्तन भंडार नाम से दुकान है। मंगलवार की रात वह दुकान बंद कर एक गांव में निमंत्रण कार्यक्रम में गए थे। देर रात दुकान से आग की तेज लपटें निकलती देख उनकी पत्नी ने फोन कर घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही दयाशंकर गुप्ता मौके पर पहुंचे तो दुकान के अंदर रखा सामान धू-धू कर जल रहा था। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू कराया, वहीं दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

दुकान संचालक के मुताबिक दुकान में करीब 15 से 20 लाख रुपये का सामान रखा था, जो पूरी तरह जल गया। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि घटनास्थल के पास एक डिब्बे में पेट्रोल मिलने से आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल खंडासा पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

घटना की सूचना पर एसडीएम मिल्कीपुर सुधीर कुमार और क्षेत्राधिकारी पीयूष भी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। सीओ पीयूष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यदि किसी की संलिप्तता पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : सुनील तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.