रामनगरी में चंदा विवाद पर सियासत तेज, अखिलेश बोले- CC मतलब ‘चंदा चोरी’

राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति कर रही है और उसे केवल धन से मतलब है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले चुनावी प्रक्रिया में सीसीटीवी को लेकर सवाल उठे थे और अब मंदिर में दान राशि की गिनती के दौरान भी कैमरों की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बन गई है। इसी संदर्भ में उन्होंने ‘CC’ का अर्थ ‘चंदा चोरी’ बताते हुए सरकार को घेरा।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि अयोध्या में विकास परियोजनाओं और भूमि अधिग्रहण के दौरान कई लोगों के साथ अन्याय हुआ। उन्होंने कहा कि जमीन अधिग्रहण में पारदर्शिता नहीं बरती गई, लोगों को उचित मुआवजा नहीं मिला और कई परिवारों को अपनी दुकानों व संपत्तियों से हाथ धोना पड़ा। उनके मुताबिक सरकार की नीतियों का लाभ केवल चुनिंदा लोगों को मिल रहा है, जबकि आम जनता महंगाई और आर्थिक परेशानियों से जूझ रही है।

सपा प्रमुख ने राजनीतिक दलों में टूट-फूट के मुद्दे पर भी भाजपा को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन लोटस’ के जरिए विपक्षी दलों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है और कई जनप्रतिनिधियों पर दबाव बनाया जा रहा है। उनका दावा था कि भाजपा राजनीतिक लाभ के लिए दूसरे दलों के नेताओं को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रही है।

मथुरा जन्मभूमि से जुड़े चंदा विवाद पर पूछे गए सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि यदि जनता सवाल उठा रही है तो संबंधित संस्थाओं को पारदर्शिता के साथ जवाब देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी सभी धर्मों और संत-महात्माओं का सम्मान करती है तथा उसका रास्ता सत्य और सामाजिक सद्भाव का है।

वहीं, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भी राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन से जुड़े लोगों की चिंताओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उनके अनुसार, जब किसी मामले को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हों तो सच्चाई सामने आनी चाहिए, क्योंकि बिना वजह विवाद खड़ा नहीं होता।

उधर, कथित चंदा गड़बड़ी मामले में एसआईटी की जांच लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। जांच टीम ने मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कई पदाधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की है। सूत्रों के अनुसार अब तक दर्जनों लोगों के बयान लिए जा चुके हैं। जांच एजेंसी दान पेटियों, लेखा-जोखा और अन्य संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.