एसडीएम ने अधिवक्ताओं से की परिचय बैठक, आंदोलन पर अभी नहीं बनी सहमति

अयोध्या - मिल्कीपुर तहसील में नवागत उप जिलाधिकारी पवन कुमार शर्मा ने शुक्रवार को तहसील के अधिवक्ताओं के साथ परिचय बैठक कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। बैठक का उद्देश्य नवागत एसडीएम और अधिवक्ताओं के बीच परिचय स्थापित करना तथा तहसील से जुड़े मुद्दों पर प्रारंभिक चर्चा करना रहा। हालांकि, करीब एक माह से चल रहे अधिवक्ताओं के धरना-प्रदर्शन और न्यायिक कार्यों के बहिष्कार को समाप्त करने को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका।

गौरतलब है कि मिल्कीपुर तहसील के अधिवक्ता पिछले लगभग एक माह से विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। न्यायिक कार्यों के बहिष्कार के कारण तहसील क्षेत्र से आने वाले आम लोगों के राजस्व एवं न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक के बाद उप जिलाधिकारी पवन कुमार शर्मा ने बताया कि अधिवक्ताओं के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में चर्चा हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आपसी संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं ने भी सकारात्मक बातचीत की है और आगे वार्ता जारी रहेगी। वहीं,मिल्कीपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया कि शुक्रवार की बैठक केवल परिचय बैठक थी। इसमें उप जिलाधिकारी और अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे का परिचय प्राप्त किया तथा तहसील से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आंदोलन और अधिवक्ताओं की मुख्य मांगों पर कोई विस्तृत चर्चा नहीं हुई है। अमित मिश्रा ने बताया कि आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर अलग से बैठक आयोजित की जाएगी, जिसके लिए प्रशासन की ओर से पत्र प्राप्त होने के बाद बार एसोसिएशन अपने पदाधिकारियों के साथ बैठक करेगा। इसके बाद उप जिलाधिकारी के साथ औपचारिक वार्ता होगी, जिसमें आंदोलन जारी रखने या समाप्त करने पर निर्णय लिया जाएगा।

बैठक में मिल्कीपुर बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, तहसील के अधिवक्तागण तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अब सभी की निगाहें प्रशासन और अधिवक्ताओं के बीच होने वाली अगली बैठक पर टिकी हैं, जिससे लंबे समय से ठप पड़े न्यायिक कार्यों के फिर से शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।

संवाददाता - राहुल पांडेय

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.