माननीय जनपद प्रभारी मंत्री जी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

अयोध्या :  माननीय कृषि मंत्री/जनपद प्रभारी मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही जी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मा0 महापौर अयोध्या श्री गिरीश पति त्रिपाठी, मा0 विधायक सदर श्री वेद प्रकाश गुप्ता, मा0 विधायक रूदौरी श्री रामचन्द्र यादव, मा0 विधायक बीकापुर डॉ अमित सिंह चौहान, मा0 विधायक गोसाईगंज श्री अभय सिंह, मा0 विधायक मिल्कीपुर श्री चन्द्रभानू पासवान, जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी श्री कृष्ण कुमार सिंह, नगर आयुक्त श्री जयेन्द्र कुमार, उपाध्यक्ष अयोध्या विकास प्राधिकारण श्री अनुराज जैन सहित जनपद स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में माननीय प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के विभिन्न सूचकांकों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग में निरंतर सुधार लाने के लिए सभी विभाग समन्वित प्रयास करें तथा प्रत्येक अधिकारी अपने विभाग से संबंधित लक्ष्य एवं मानकों को समय से पूर्ण करें।

माननीय प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जाए तथा शिकायतों के समाधान में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखी जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, ग्रामीण एवं शहरी विकास, कृषि, समाज कल्याण तथा अन्य प्रमुख विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने बैठक में अवगत कराया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के सभी सूचकांकों की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा जिन बिंदुओं पर अपेक्षित प्रगति नहीं है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुधारने की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को शासन की मंशानुसार कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में माननीय प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्रत्येक सूचकांक की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए। उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने पर विशेष बल दिया। बैठक में मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री अलोक सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री राधेश्याम त्यागी, महानगर अध्यक्ष श्री कमलेश श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : विपिन शुक्ला

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.