मिल्कीपुर में चारागाह भूमि से हटाया गया अवैध अतिक्रमण
अयोध्या : मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के अस्थना पूरे गोरवा गांव स्थित चारागाह की भूमि (गाटा संख्या 336) से सोमवार शाम प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध अतिक्रमण हटवा दिया। कार्रवाई एसडीएम मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा के निर्देश पर नायब तहसीलदार रंजन वर्मा के नेतृत्व में की गई।
नायब तहसीलदार रंजन वर्मा ने बताया कि चारागाह की भूमि पर गांव के राजेश कुमार, हरीलाल, श्यामलाल, गुब्बारे समेत करीब आधा दर्जन लोगों ने छप्पर और टीन शेड रखकर अस्थायी कब्जा कर लिया था। प्रशासन की ओर से जनवरी माह से ही संबंधित लोगों को नोटिस भेजकर कब्जा हटाने के निर्देश दिए जा रहे थे। इस दौरान एक व्यक्ति ने स्वयं अपना कब्जा हटा लिया था, जबकि शेष पांच लोगों ने निर्धारित समय के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया।
बार-बार चेतावनी और नोटिस के बाद भी कब्जा न हटाने पर सोमवार को प्रशासन ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। अधिकारियों की निगरानी में चारागाह भूमि से छप्पर और टीन शेड हटवाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी और पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
नायब तहसीलदार ने बताया कि चारागाह जैसी सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान के दौरान संबंधित क्षेत्र के उपनिरीक्षक, क्षेत्रीय लेखपाल तथा पर्याप्त पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
रिपोर्टर : सुनील तिवारी
No Previous Comments found.