सीएचसी मिल्कीपुर की अव्यवस्थाओं पर भड़के समाजसेवी प्रदीप यादव, समर्थकों संग दिया धरना
अयोध्या - सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मिल्कीपुर में व्याप्त कथित स्वास्थ्य अव्यवस्थाओं के विरोध में समाजसेवी प्रदीप यादव बुधवार सुबह करीब 10:15 बजे अपने दर्जनों समर्थकों के साथ अस्पताल परिसर पहुंचे और मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए। अचानक शुरू हुए प्रदर्शन से अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को बुलाया, जिसके बाद पुलिस के समझाने-बुझाने पर धरना समाप्त हो गया।
अस्पताल अधीक्षक डॉ.आनंद सिन्हा ने प्रदर्शन की सूचना इनायतनगर पुलिस को दी। मौके पर उपनिरीक्षक अमर बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। पुलिस ने अस्पताल की समस्याओं से संबंधित शिकायतों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया,जिसके बाद प्रदीप यादव ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
दरअसल,मंगलवार रात मवई कला निवासी शैलेंद्र तिवारी सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी मिल्कीपुर लाया गया था। उसी दौरान अस्पताल पहुंचे प्रदीप यादव ने मरीजों के लिए एसी की व्यवस्था न होने, बेड पर गंदी चादरें होने, शौचालयों की खराब सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव पर कड़ी नाराजगी जताई थी। इस दौरान उनकी अस्पताल कर्मियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। जाते समय उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो वह अगले दिन अस्पताल गेट पर धरना देंगे।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत बुधवार को प्रदीप यादव अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी भी हुई, जिससे अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और उपचार के लिए पहुंचे अन्य लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए आश्वस्त किया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं की जांच कराकर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया और अस्पताल की सामान्य व्यवस्था बहाल हो गई।
सूत्रों के अनुसार,पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई बातचीत के दौरान प्रदीप यादव ने भविष्य में इस प्रकार की स्थिति दोबारा उत्पन्न न करने संबंधी मौखिक आश्वासन भी दिया। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा सामने आई शिकायतों का परीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर - सुनील तिवारी
No Previous Comments found.