अमानीगंज की 73 ग्राम पंचायतें सिर्फ 16 सचिवों के भरोसे, पांच साल से नहीं बदला कार्यक्षेत्र

अयोध्या : अमानीगंज विकासखंड की 73 ग्राम पंचायतों का कार्यभार मात्र 16 ग्राम पंचायत सचिवों के भरोसे संचालित हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत सचिवों के कार्यक्षेत्र में पिछले पांच वर्षों से कोई बदलाव नहीं किया गया है। लंबे समय तक एक ही पंचायतों में तैनाती रहने से ग्रामीणों में असंतोष बढ़ रहा है और पंचायत स्तर पर अनियमितताओं व भ्रष्टाचार की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शासन की मंशा के अनुरूप पंचायत सचिवों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए रोस्टर व्यवस्था लागू की गई है,ताकि वे गांवों में बैठकर लोगों की समस्याओं का निस्तारण कर सकें। लेकिन हकीकत में अधिकांश पंचायतों में सचिव नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहते और रोस्टर व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित नजर आती है। इसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। परिवार रजिस्टर की नकल,जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र,राशन कार्ड संशोधन,प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना,स्वच्छ शौचालय सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए लोगों को बार-बार विकासखंड मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। ग्रामीणों ने मांग की है कि लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत पंचायत सचिवों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया जाए तथा रोस्टर के अनुसार गांवों में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए,ताकि पंचायत स्तर पर ही लोगों को आवश्यक सुविधाएं और सेवाएं मिल सकें। इस संबंध में अमानीगंज खण्ड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश मिश्र ने बताया कि विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों में आबादी के आधार पर रोस्टर के अनुसार पंचायत सचिवों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि सचिवों की तैनाती नियमों के अनुसार संचालित की जा रही है। जब उनसे पांच वर्षों से अधिक समय से एक ही क्षेत्र में कार्यरत सचिवों के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उनके कार्यभार संभालने के बाद से सचिवों के कार्यक्षेत्र में कोई फेरबदल नहीं किया गया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत सचिवों की तैनाती व्यवस्था नियमानुसार संचालित की जा रही है।

रिपोर्टर : विपिन शुक्ला

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.