ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, पीडब्ल्यूडी से तत्काल मरम्मत की मांग; विभाग बोला- पहले होगी पैच मरम्मत
अयोध्या - मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड अमानीगंज मुख्यालय के सामने से रसूलपुर लिलहा होते हुए घोड़वाल जाने वाले संपर्क मार्ग की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। सड़क जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है। बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर हुई दुर्घटनाओं में दो लोगों के हाथ भी टूट चुके हैं, जबकि आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। कीचड़ और जलभराव के कारण पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की लगातार अनदेखी के कारण लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। बारिश के समय गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता,जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि यह संपर्क मार्ग क्षेत्र का प्रमुख मार्ग है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का भी आवागमन होता है। इसके बावजूद सड़क की बदहाली दूर करने के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कई महीनों से पैच मरम्मत तक नहीं कराई गई, जिससे सड़क की स्थिति लगातार खराब होती चली गई है। स्थानीय लोगों ने प्रदेश सरकार के गड्ढामुक्त सड़क अभियान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस मार्ग की वास्तविक स्थिति सरकारी दावों की पोल खोल रही है। हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर जलभराव और कीचड़ की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम लोगों का दैनिक आवागमन बुरी तरह प्रभावित होता है। ग्रामीणों एवं राहगीरों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत, गड्ढों को भरवाने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी दिन गंभीर दुर्घटना हो सकती है। इस संबंध में तौफीक अहमद,हसीब अहमद,निजाम,जसीम खान,शिव वरदान सहित अनेक ग्रामीणों और राहगीरों ने नाराजगी जताते हुए शीघ्र सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता प्रशांत मंत्री त्रिपाठी ने बताया कि सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद चौड़ीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले सड़क के गड्ढों को भरने के लिए पैच मरम्मत का कार्य जल्द कराया जाएगा।
रिपोर्टर - सुनील तिवारी
No Previous Comments found.