48.64 करोड़ की सड़क पर जलभराव का संकट, गलत लेवलिंग से बीच सड़क भर रहा पानी

अयोध्या - मिल्कीपुर करीब 48 करोड़ 64 लाख 60 हजार रुपये की लागत से निर्माणाधीन 29 किलोमीटर लंबी सड़क पर जलभराव की समस्या गंभीर होती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क का लेवल (ढाल) सही नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क के दोनों ओर निकलने के बजाय बीच सड़क पर जमा हो रहा है। लगातार जलभराव से सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होने और भविष्य में उसके टूटने या धंसने की आशंका जताई जा रही है। यह सड़क आदर्श नगर पंचायत कुमारगंज के उसरहन भवानी से शुरू होकर संत भीखा दास तपोस्थली, बकचुना गांव, सैदपुर होते हुए मेधा ऋषि आश्रम एवं मां कामाख्या धाम तक जाती है। धार्मिक एवं स्थानीय आवागमन की दृष्टि से यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

ग्रामीणों के अनुसार बकचुना गांव स्थित बाबा के तालाब के पास कई दिनों से सड़क के बीचों-बीच पानी भरा हुआ है। उनका कहना है कि सड़क की लेवलिंग सही न होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है, जिससे सड़क लंबे समय तक जलमग्न रहती है। इससे सड़क की मजबूती प्रभावित होने के साथ भविष्य में उसके क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है।
इसके अलावा बकचुना गांव से आगे बेतवा नाले के पास सड़क की पटरी भी क्षतिग्रस्त बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो गया है और कभी भी दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीण विजय कुमार, देवशरण, पवन कुमार, सुजीत कुमार, रजनीश कुमार, विनय कुमार, बिनायक,रेवत राम,देवनारायण सहित सैकड़ों लोगों ने संबंधित विभाग से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था, सड़क की लेवलिंग की तकनीकी जांच तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा हादसा हो सकता है।
पीडब्ल्यूडी विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) प्रशांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। विभागीय टीम को मौके पर भेजा जा रहा है और निरीक्षण के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या का जल्द निस्तारण कराया जाएगा।

रिपोर्टर - सुनील तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.