ट्रेलर की टक्कर से भाजपा बूथ अध्यक्ष की दर्दनाक मौत

अयोध्या/मिल्कीपुर : मिल्कीपुर क्षेत्र में शनिवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा बूथ अध्यक्ष की मौत हो गई। मिल्कीपुर बाजार से बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे विजय मिश्रा (50) पुत्र रामपाल मिश्रा को परसवां मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल विजय मिश्रा को स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में निजी वाहन से दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसा इनायतनगर थाना क्षेत्र के मिल्कीपुर-अमानीगंज संपर्क मार्ग पर परसवां मोड़ के पास शनिवार शाम करीब 6:30 बजे हुआ। बताया गया कि परसवां गांव निवासी विजय मिश्रा बाजार से खरीदारी कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान परसवां मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रेलर संख्या UP 53 DT 9800 ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि विजय मिश्रा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया,लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। विजय मिश्रा परसवां गांव में भाजपा के बूथ अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने ट्रेलर समेत चालक को पकड़ा

घटना की सूचना मिलते ही इनायतनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रेलर को चालक समेत कब्जे में ले लिया। चालक की पहचान मनोज (31) पुत्र बुधीराम निवासी बेला रामबाग,थाना हैदरगंज,अयोध्या के रूप में हुई है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई,जिससे कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटवाया और यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रेलर को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने परसवां मोड़ के आसपास सड़क किनारे अतिक्रमण और लगातार लगने वाले जाम को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण के कारण मार्ग संकरा हो जाता है और वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। व्यस्त समय में यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है,जिससे हादसे का खतरा भी बना रहता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है। हालांकि,हादसा किन परिस्थितियों में हुआ,इसकी वास्तविक स्थिति पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

विजय मिश्रा की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि उनके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। दो बेटियों की शादी हो चुकी है,जबकि एक बेटी और करीब 17 वर्षीय बेटा अभिषेक अभी अविवाहित हैं।

परिजनों के लिए विजय मिश्रा की मौत किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। परिवार के सामने अब बच्चों की पढ़ाई,पालन-पोषण और घर की जिम्मेदारियों को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि हादसे में घायल विजय मिश्रा को निजी वाहन से दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज भेजा गया था,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ट्रेलर और उसके चालक को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर : विपिन शुक्ला

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.