बारिश में कीचड़ से लबालब हुई खंडासा बाजार की सड़क, राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें

अयोध्या - मिल्कीपुर में लगातार हो रही बारिश के बाद अमानीगंज विकासखंड के खंडासा बाजार की मुख्य सड़क पर जलभराव और कीचड़ की समस्या गंभीर हो गई है। अमानीगंज से रुदौली को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर जगह-जगह पानी भरने और कीचड़ फैलने से पैदल राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के मौसम में यह समस्या हर वर्ष उत्पन्न होती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा सका है। सड़क पर जलभराव होने के कारण कीचड़ फैल जाता है, जिससे फिसलकर दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। यह मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी रास्ते से मरीज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खंडासा इलाज के लिए पहुंचते हैं। संत भीखादास के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। वहीं आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रतिदिन स्कूल और कॉलेज जाने के लिए इसी सड़क से गुजरते हैं। बारिश के दौरान उन्हें कीचड़ से होकर निकलने को मजबूर होना पड़ता है। स्थानीय निवासी सूरज और राकेश धर्मराज ने बताया कि बारिश शुरू होते ही सड़क पर पानी भर जाता है और कुछ ही देर में पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है। उनका आरोप है कि वर्षों से बनी इस समस्या के बावजूद संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने, सड़क की मरम्मत कराने और स्थायी समाधान की मांग की है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के जूनियर इंजीनियर प्रशांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि सड़क का चौड़ीकरण प्रस्तावित है तथा खंडासा बाजार में सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल सड़क की पैचिंग कराई गई थी। बारिश के कारण उत्पन्न समस्या का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक चौड़ीकरण और सीसी रोड का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक जलभराव और कीचड़ से राहत दिलाने के लिए तत्काल अस्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि मरीजों, श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों और आम लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

रिपोर्टर - सुनील तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.