गायत्री पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

अयोध्या - रेवतीगंज गायत्री पब्लिक स्कूल रेवतीगंज में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में हैरिंग्टनगंज चौकी प्रभारी शेखर नाथ सिंह ने दर्जनों लोगों की मौजूदगी में विद्यालय के प्रबंधक उमा शंकर शुक्ल, समाजसेवी राजू दूबे एवं मंगेश मणि त्रिपाठी के साथ संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके बाद सभी ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता और अखंडता का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शानदार परेड निकालकर देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया। बच्चों ने ‘विजयी भव’, ‘वंदे मातरम्’, ‘रंग दे बसंती चोला’ सहित विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों में देशप्रेम, राष्ट्रभक्ति और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान की झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर प्रधानाचार्या शिखा दूबे एवं प्रभा शंकर शुक्ल ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन अमन पाण्डेय एवं निधि ने किया।

समारोह में सोनू यादव, राम सूरत तिवारी, शिव बहादुर शुक्ल, इंद्रजीत पाण्डेय, अजय यादव, दिगम्बर पाठक, राकेश पाण्डेय, बीरेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। अंत में उप प्रबंधक रमा शंकर शुक्ल ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

रिपोर्टर - सुनील तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.