तेज बारिश में विशालकाय चिलबिल का पेड़ गिरा, तीन मकान क्षतिग्रस्त; एक घायल
अयोध्या : खंडासा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जयराजपुर भवन नगर की दलित बस्ती में सोमवार शाम करीब चार बजे तेज बारिश के दौरान एक विशालकाय चिलबिल का पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर मकानों पर जा गिरा। हादसे में तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि घर के अंदर मौजूद एक व्यक्ति घायल हो गया। पेड़ गिरते ही बस्ती में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम तेज बारिश के बीच अचानक चिलबिल का विशाल पेड़ धराशायी हो गया। पेड़ की चपेट में आने से त्रिभुवन गौतम पुत्र बेचू का मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय त्रिभुवन गौतम घर के अंदर मौजूद थे और पेड़ की चपेट में आने से उन्हें चोटें आईं। परिजनों ने तत्काल उन्हें घर से बाहर निकाला। वहीं पेड़ गिरने से विमला तथा राम अभिलाष पुत्र बेचू के मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि इन दोनों मकानों में मौजूद परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। अचानक हुए हादसे से बस्ती में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा। ग्राम प्रधान पवन पांडे ने बताया कि पेड़ को नीलाम किए जाने के संबंध में क्षेत्रीय लेखपाल को पहले ही मौखिक रूप से सूचना दी गई थी, लेकिन अभी तक रिपोर्ट नहीं लगाई गई थी। पेड़ गिरने के बाद घटना की जानकारी तहसील प्रशासन को दे दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकानों का जायजा लेकर पीड़ित परिवारों को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
रिपोर्टर : सुनील कुमार
No Previous Comments found.