पहले ही प्रयास में ग्राम पंचायत अधिकारी बने कपिल कुमार मिश्रा, परिवार में खुशी की लहर

कुमारगंज :  नगर पंचायत कुमारगंज के वार्ड नंबर 10 स्थित सोमनाथ का पुरवा निवासी कपिल कुमार मिश्रा ने अपने पहले ही प्रयास में ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर चयनित होकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। चयन का परिणाम जारी होते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। रिश्तेदारों, परिचितों और क्षेत्रवासियों ने घर पहुंचकर तथा सोशल मीडिया के माध्यम से कपिल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कपिल कुमार मिश्रा तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं। उनके पिता का बचपन में ही निधन हो गया था। इसके बाद उनकी मां ने कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए तीनों बेटों का पालन-पोषण किया। कपिल की सफलता में उनके बड़े भाइयों अनिल मिश्रा और सुनील मिश्रा का भी अहम योगदान रहा। दोनों निजी क्षेत्र में नौकरी करते हैं और उन्होंने कपिल की पढ़ाई व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में हरसंभव सहयोग दिया।

कपिल ने घर पर रहकर ही अपनी पढ़ाई जारी रखी। आर्थिक और पारिवारिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। पढ़ाई के साथ-साथ वे विभिन्न संस्थानों में बच्चों को कोचिंग भी पढ़ाते रहे और इसी के साथ ग्राम पंचायत अधिकारी परीक्षा की तैयारी करते रहे। नियमित अध्ययन, अनुशासन और लगातार मेहनत के बल पर उन्होंने पहली ही कोशिश में सफलता हासिल की।

कपिल की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा राष्ट्रीय विद्यापीठ इंटर कॉलेज, पिठला से हुई। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपनी मां, बड़े भाइयों और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और गुरुजनों के मार्गदर्शन के बिना इस मुकाम तक पहुंचना आसान नहीं था।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए कपिल ने संदेश देते हुए कहा कि लक्ष्य कितना भी कठिन क्यों न हो, यदि लगन, ईमानदारी और निरंतर मेहनत के साथ प्रयास किया जाए तो सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने युवाओं से असफलताओं से निराश न होने और लक्ष्य प्राप्ति तक लगातार प्रयास करते रहने की अपील की।

कपिल के चयन की खबर मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों और शुभचिंतकों ने उनकी सफलता पर खुशी जताते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर पहले ही प्रयास में सरकारी सेवा में चयनित होने पर क्षेत्रवासियों ने कपिल की उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

रिपोर्टर : सुनील 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.