मंडलायुक्त ने अटल आवासीय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण

अयोध्या - मंडलायुक्त अयोध्या श्री राजेश कुमार ने दिनांक 20 अगस्त 2026 को अटल आवासीय विद्यालय,अयोध्या का औचक निरीक्षण कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक,आवासीय एवं अन्य सुविधाओं की गुणवत्ता परखी। उन्होंने विद्यालय की कक्षाओं,मेस,छात्रावास एवं परिसर का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उपश्रमायुक्त श्री अमित मिश्रा,उपजिलाधिकारी रुदौली श्री विनोद कुमार गुप्ता तथा श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्री गौरव गुप्ता एवं श्री सत्येंद्र प्रताप उपस्थित रहे।

मंडलायुक्त ने विद्यार्थियों को पढ़ाया सामाजिक विषय

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त श्री राजेश कुमार ने कक्षा-10 के विद्यार्थियों को सामाजिक विषय का अध्यापन भी कराया। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई,विद्यालय की व्यवस्थाओं,भोजन एवं छात्रावास से संबंधित अनुभवों की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक संवाद करते हुए अपनी जिज्ञासाएं एवं अनुभव मंडलायुक्त के साथ साझा किए।मंडलायुक्त ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन,अनुशासन एवं समय के सदुपयोग के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरे मनोयोग से अध्ययन करने का संदेश दिया।

विद्यार्थियों से संवाद कर चार मेधावी विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत

इस अवसर पर वर्ष 2026 में कक्षा-10 की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष चार मेधावी विद्यार्थियों को मंडलायुक्त द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी उनसे प्रेरणा लेने के लिए कहा। मंडलायुक्त ने विद्यार्थियों को पठन-पाठन सामग्री भी वितरित की तथा निरंतर मेहनत,अनुशासन एवं लगन के साथ अध्ययन करते हुए जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों के साथ भोजन कर परखी गुणवत्ता

मंडलायुक्त ने छात्र-छात्राओं के साथ भोजन कर उसकी गुणवत्ता को भी परखा। उन्होंने मेस में साफ-सफाई,पेयजल तथा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को निर्धारित मेनू चार्ट के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। भोजन की गुणवत्ता के साथ-साथ मेस एवं छात्रावास परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्राचार्य श्री पी.के. नारायणन,प्रशासनिक अधिकारी श्री सुनील कुमार,शिक्षकगण एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - विपिन शुक्ला

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.