गंगा हॉस्पिटल संचालक पर पूर्व महिला कर्मी ने लगाए धोखाधड़ी और धमकी के आरोप

अयोध्या - नगर कोतवाली क्षेत्र के नाका स्थित गंगा हॉस्पिटल के संचालक डॉ.शिव कुमार मिश्रा पर उनकी पूर्व महिला कर्मचारी ने कार के लेन-देन में धोखाधड़ी,रकम हड़पने और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने आईजी अयोध्या परिक्षेत्र समेत अन्य सक्षम अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। गोशाईगंज के कटरा मोहल्ला निवासी संगीता सिंह पत्नी सुधाकर सिंह का कहना है कि वह करीब तीन वर्षों तक गंगा हॉस्पिटल में रिसेप्शनिस्ट के पद पर कार्यरत रही हैं। इसी दौरान कार खरीदने को लेकर उनकी अस्पताल संचालक से बातचीत हुई।

पीड़िता के मुताबिक,डॉ.शिव कुमार मिश्रा ने भरोसा दिलाया कि कार उनके नाम से फाइनेंस कराई जाएगी और डाउन पेमेंट वह स्वयं देंगे। इसके बाद संगीता किस्त और ब्याज की रकम उन्हें देती रहेंगी। आरोप है कि डॉक्टर ने 2.60 लाख रुपये डाउन पेमेंट देकर अपने नाम से मारुति XL6 कार संख्या UP 42 CA 5307 खरीदी,जिसकी मासिक किस्त 19,500 रुपये निर्धारित थी। संगीता का आरोप है कि उन्होंने छह किस्तों के लिए 1,17,000 रुपये तथा 4,500 रुपये ब्याज के रूप में,कुल 1,21,500 रुपये नगद डॉ.मिश्रा को दिए। कार खरीदते समय सुरक्षा के तौर पर उनके छह हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक भी डॉक्टर के पास रह गए थे।

समझौते के बाद भी रकम नहीं लौटाने का आरोप

विवाद बढ़ने के बाद 4 जुलाई 2024 को दोनों पक्षों के बीच लिखित सुलह-समझौता हुआ। समझौते के अनुसार कार डॉ.शिव कुमार मिश्रा के पास रहने और पीड़िता द्वारा जमा की गई किस्तों की रकम वापस किए जाने पर सहमति बनी थी। पीड़िता के अनुसार,समझौते पर दोनों पक्षों के हस्ताक्षर के साथ गवाहों के भी हस्ताक्षर हैं। आरोप है कि समझौते के बावजूद डॉक्टर ने कार अपने पास रख ली, लेकिन तय रकम और छह मूल चेक वापस नहीं किए। पीड़िता का यह भी आरोप है कि इनमें से दो चेक बैंक में लगाकर उन्हें बाउंस करा दिया गया। संगीता ने आरोप लगाया कि रकम और चेक वापस मांगने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने 10 अगस्त को आईजी अयोध्या परिक्षेत्र को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। उनका कहना है कि शिकायत के करीब 10 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने दोबारा उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की गुहार लगाई है।

हालांकि,मामले में डॉ.शिव कुमार मिश्रा या उनके पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस अथवा संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्टर - सुनील तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.