गहनागदेव मंदिर पर कल लगेगा वार्षिक बड़ा मेला, सुरक्षा में तैनात रहेंगे 150 पुलिसकर्मी व पीएसी जवान
अयोध्या - मिल्कीपुर खण्डासा थाना क्षेत्र के रायपट्टी गांव में स्थित प्रसिद्ध गहनागदेव मंदिर पर सोमवार को वार्षिक बड़ा मेला आयोजित होगा। मेले को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंदिर के पुजारी राम बिहारी तिवारी ने बताया कि वार्षिक मेले में अयोध्या के अलावा अमेठी, सुल्तानपुर और बाराबंकी सहित आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गहनाग बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मेले को लेकर दुकानें रविवार से ही सजने लगी हैं।
मंदिर परिसर और आसपास बड़ी संख्या में लोहे व लकड़ी से संबंधित दुकानों के साथ प्रसाद, घरेलू सामान तथा अन्य जरूरत की वस्तुओं की दुकानें भी लगाई गई हैं। इससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को खरीदारी की सुविधा मिलेगी। गहनाग प्रधान प्रतिनिधि संतोष मिश्रा ने बताया कि मेले को ध्यान में रखते हुए गांव और मंदिर परिसर के आसपास साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं,प्रभारी निरीक्षक खण्डासा सुरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस और पीएसी के करीब 150 जवानों की तैनाती की गई है। भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए आठ बैरियर लगाए गए हैं। इन बैरियरों के माध्यम से मेले के भीतर वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। मंदिर परिसर में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालु कतारबद्ध होकर आसानी से गहनाग बाबा के दर्शन कर सकें। सांप काटने पर स्वस्थ होने की है मान्यता
गहनागदेव मंदिर को लेकर क्षेत्र में विशेष धार्मिक आस्था है। स्थानीय लोगों के अनुसार मान्यता है कि यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले और उसे गहनाग बाबा के स्थान पर पहुंचाया जाए तो वह स्वस्थ हो जाता है। इसी आस्था के चलते वर्षभर श्रद्धालु मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। वार्षिक मेले के अवसर पर श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है।
प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा,भीड़ नियंत्रण,यातायात व्यवस्था और मंदिर में सुगम दर्शन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
रिपोर्टर - सुनील तिवारी
No Previous Comments found.