विद्युत कटौती से जनता बेहाल, गर्मी में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
मिल्कीपुर - अयोध्या जिले में उमस भरी गर्मी के बीच लगातार हो रही विद्युत कटौती से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में निर्धारित आपूर्ति के सापेक्ष महज 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। दिन-रात हो रही अघोषित कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ग्रामीणों के मुताबिक शाम करीब सात बजे के बाद अक्सर बिजली गुल हो जाती है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उन्हें स्कूल का काम पूरा करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं रात में भोजन बनाने और खाने के समय बिजली न रहने से परिवारों को उमस और अंधेरे में परेशान होना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी और उमस के बावजूद विद्युत विभाग की ओर से लगातार कटौती की जा रही है। मिल्कीपुर क्षेत्र के कुमारगंज,अमानीगंज,कोटिया फीडर समेत विभिन्न फीडरों से जुड़े गांवों में बिजली आपूर्ति को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित अवधि तक विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के निर्देश हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर निर्धारित आपूर्ति व्यवस्था धरातल पर कब लागू होगी। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से अघोषित कटौती पर तत्काल रोक लगाने और नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो इसका असर शासन-प्रशासन के प्रति जनता के भरोसे पर भी पड़ सकता है।
रिपोर्टर - सुनील तिवारी
No Previous Comments found.